ज्ञानपुर। ज्ञानपुर विधानसभा के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को जल्द ही बेहतर होगी। विधानसभा में आठ नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ज्ञानपुर विधानसभा के निषाद पार्टी विधायक विपुल दुबे की के प्रस्ताव पर शासन की ओर से स्वीकृति मिल गई है। आठ नई सड़कों पर कुल 9.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों की कुल लंबाई 11.11 किलोमीटर होगी।
जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में करीब 2500 किमी सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत, नगर पंचायत और मंडी समिति आदि एजेंसियां सड़कों की देखरेख करती हैं। इनमें सभी निर्माण कार्यों का नोडल लोक निर्माण विभाग होता है। जिले में अब भी तमाम ग्रामीण सड़कों की हालत खस्ता है। कच्चे और पगडंडी या चकरोड वाले रास्ते से आने-जाने में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने जिले की आठ नई सड़कों का प्रस्ताव दिया था।
जिसमें जगापुर बीसा मार्ग से महुअरिया उलपुर धनापट्टी तक का मार्ग, जंगीगंज धनतुलसी बाजार से ठाकुर बस्ती होते हुए परमहंस अड़गड़ानंद आश्रम मार्ग, दानुपुर ख्योंवर से ख्योंवर बिंदबस्ती व हरिजन बस्ती तक भी मार्ग, चौराकला से भैरोंपुर मार्ग, भटगवां प्रधानमंत्री मार्ग से कुड़ी कला हनुमान मंदिर तक का मार्ग, कुड़ी खुर्द पिच रोड से एकीकृत सामुदायिक भवन तक का मार्ग, जीटी रोड से कुरमैचा हरिजन बस्ती होते हुए प्रयागराज बॉर्डर मार्ग, और गंगापट्टी बेरवा पहाड़पुर मार्ग से रामदासपुर पक्की मार्ग को बनाया जाना है। विधायक की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर शासन की ओर से स्वीकृति मिल गई है। इन सभी सड़कों की कुल लंबाई 11.11 किलोमीटर है। जिसमें 9.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
आठ सड़कों पर कुल 9.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रस्ताव पर स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही काम भी शुरू होगा। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, बाजारों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। - विपुल दुबे, विधायक, ज्ञानपुर।