नगर के हनुमान मंदिर शिवतालाब पर रविवार को श्री गणेश पूजा महासमिति ने बैठक कर तैयारियों का जायजा लेने के साथ विसर्जन कार्यक्रम के बारे में विचार किया। बैठक में प्रशासन से बिद्युत दुर्व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे करने की मांग की गई।
महासमिति के अध्यक्ष विनीत बरनवाल ने कहा कि 27 सितंबर से शुरू हो रही पूजा में बिजली महत्वपूर्ण है। गणेश प्रतिमाओं के आसपास प्रकाश व्यवस्था के साथ साथ श्रद्धालुओं की सहुलियत के लिए साफ सफाई भी महत्वपूर्ण होगा।
27 सितंबर को निकलने वाले शोभा यात्रा के बावत उन्होंने कहा कि फिलहाल पूराने रास्ते से ही विसर्जन कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। बताया कि उस दिन सांय तीन बजे तक भदोही और नईबाजार की समस्त प्रतिमाओं को मर्यादपट्टी में एकमा तिराहे पर पहुंच जाना है। जहां से 3.30 बजे प्रस्थान करना है।
बैठक में बिजली की दयनीय व्यवस्था पर रोष प्रकट करते हुए सदस्यों ने कहा कि प्रशासन हर बार केवल आश्वासन देता है लेकिन अमल में नहीं लाया जाता। इसके अलावा भदोही मुख्य मार्ग के गड्ढों को भी यथासमय पाटने की प्रशासन से मांग की गई। सुभाष मौर्य ने कहा कि गजिया में फ्लाईओवर निर्माण को देखते हुए शोभायात्रा स्टेशन रोड से जा सकती थी लेकिन प्रशासन ने पूर्व रास्ते से ही जाने के लिए रास्ता निकालने का आश्वासन दिया है। बैठक में डीजे पर रोक संबंधी नोटिस पर भी चर्चा हुई। इ
स बावत कहा कि महासमिति इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए पूर्व के वर्षों की भांति त्योहार मनाएगी। यह भी कहा गया कि यदि प्रशासन ने जबरदस्ती कुछ थोपा तो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। बैठक में ओम सिंह, धर्मराज गुप्ता, निखिल गुप्ता, दिपक मोदनवाल, रजत मौर्य, सूरज जयसवाल, मनोज कुमार, गुरु प्रसाद सिंह, गोविंदा मिश्रा, पुनवासी साहू, राकेश साहू, राजन सोनी, अभिमन्यु सिंह, करिया मोदनवाल आदि रहे है।