अस्पताल में भर्ती लोगों के परिजन से बात करते भदोही के डीएम और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
टीम में शामिल चिकित्सक और अधिकारी शिफ्टों में मरीजों और उनके तीमारदारों की देखभाल करेंगे। झुलसे लोग जीवनदीप भदोही, औराई के सूर्या ट्रॉमा सेंटर और वाराणसी के कई सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।
पंडाल में ढोल बजा रहा था राममूरत गौतम
हादसे के चार दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ने वाले सहसेपुर खरका निवासी राममूरत गौतम ढोल बजाने का कार्य करते। सोमवार रात भी जब पंडाल में आग लगी थी तो उस वक्त आरती के दौरान राममूरत गौतम ढोल ही बजा रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा है।
पूजा पंडाल में आग की घटना में झुलसे लोगों के बेहतर इलाज के लिए जिलाधिकारी ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष के तौर पर आपातकालीन फंड से धनराशि उपलब्ध कराई है। वाराणसी, प्रयागराज व भदोही के अस्पतालों में उपचार के लिए पहली किस्त के रूप में आठ लाख 95 हजार रुपये दिए गए हैं।
सर सुंदरलाल चिकित्सालय बीएचयू एवं ट्रॉमा सेंटर को 3-3 लाख रुपये, पं. दीनदयाल उपाध्याय वाराणसी को 50 हजार, स्वरूपरानी मेडिकल कॉलेज प्रयागराज को 50 हजार, जीवनदीप भदोही को एक लाख और सूर्या ट्रॉमा सेंटर को 75 हजार, आनंद अस्पताल औराई को 20 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
भदोही के औराई में रविवार को दुर्गापूजा पंडाल में लगी आग में झुलसे पीड़ितों में अब सेप्टीसीमिया (संक्रमण) का खतरा बढ़ता जा रहा है। दीनदयाल अस्पताल में भर्ती पांच मरीजों को बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया है। यहां चिकित्सकों की टीम सभी मरीजों की निगरानी कर रही है।
इधर, अस्पतालों में भदोही के जिलाधिकारी की ओर से नियुक्त अधिकारियों की टीम भी मरीजों की सेहत का फीडबैक ले रही है। भदोही में आग लगने की घटना के बाद उसी दिन रात में 49 मरीज वाराणसी लाए गए थे। इसमें 28 को बीएचयू अस्पताल जबकि 21 मरीज ट्रॉमा सेंटर में लाए गए थे। यहां के बाद मरीजों को चिकित्सकीय जरूरत के हिसाब से मंडलीय अस्पताल और दीनदयाल अस्पताल रेफर किया गया। मंडलीय अस्पताल में चार अक्तूबर को सभी मरीज डिस्चार्ज हो गए जबकि दीनदयाल में इस समय चार मरीज भर्ती हैं।ॉ
बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और दीनदयाल अस्पताल में भर्ती मरीजों को देखने आने वाले नेताओं की आवाजाही कम हो गई है। इसके साथ ही परिजनों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। बृहस्पतिवार को भी अस्पतालों में वार्ड के अंदर हर बेड पर मरीज के साथ केवल एक परिजन ही दिखे। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बर्न वार्ड में भीड़ अधिक होने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सतर्कता बरतनी चाहिए।
दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आपत्तिजनक पोस्ट फेसबुक पर वायरल होते ही हिंदू संगठनों की शिकायत पर औराई पुलिस ने यह कार्रवाई की है। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि औराई अग्निकांड में आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने पर एक युवक के खिलाफ औराई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।