जीटी रोड पर अमवा के पास सड़क दुर्घटना में ट्रक के उड़े परखचे।
थाना क्षेत्र के अमवा के पास शनिवार को जीटी रोड पर इलाहाबाद से वाराणसी की तरफ जा रहा ट्रक खड़े ट्रक में भिड़ गया। इससे भिड़ने वाले ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची गोपीगंज पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि इलाहाबाद से सूखी धनिया लादकर वाराणसी की तरफ जा रहे ट्रक चालक को रात में झपकी आने से अमवां के पास असंतुलित हो गया और पटरी पर खड़ेे दूसरे ट्रक में जाकर भिड़ गया। इससे ट्रक का चालक फतेहपुर जिले के कल्याणपुर निवासी सुखराम (40) की मौत हो गई। ट्रक की रफ्तार तेज होने से चालक का शव उसमें बुरी तरह से फंस गया था। एसओ अरूण दुबे ने क्रेन मंगाकर किसी तरह से शव रात में ही बाहर निकलवाया। ट्रकों की टक्कर इतनी तेज थी कि पहले से खड़ा ट्रक पीछे के दबाव से डिवाइडर पर चढ़ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया, सूचना पाकर मृतक के परिवार वाले भी पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर चले गए। घटनास्थल पर पहुंचे लोग ट्रक का अगला क्षतिग्रस्त हिस्सा देखकर सिहर जा रहे थे।