गोपीगंज। नगर पालिका के 25 वार्डों में कई विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। नाला निर्माण, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने और तालाब-पोखरों के सुंदरीकरण पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।
गोपीगंज नगर में कुल 25 वार्ड है। यहां करीब एक लाख के आसपास आबादी निवास करती है। इन्हें मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना पालिका प्रशासन का दायित्व है। अधिशासी अधिकारी ने बीना सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण, नाली मरम्मत किया जाएगा। इसके अलावा एक करोड़ रुपये की लागत से विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि नगर के तालाबों और पोखरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर 50 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके तहत साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा अन्य व्यवस्थाएं शामिल है। तालाब पर हाईमास्ट लाइट भी स्थापित की जाएगी। जिससे शाम को आसपास के लोग वहां बैठ सके। बोर्ड की बैठक में सभासदों की मांग पर यह प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा गया था। जहां इसकी स्वीकृति मिल गई। इन योजनाओं के पूरा होने से नगर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। बताया कि नगर में बिजली के तारों का मकड़जाल फैला है। खरहटी मोहाल, मिर्जापुर, सदर मोहाल सहित विभिन्न स्थानों पर बिजली के केबल लटक रहे हैं। सुधार होने से सहूलियत मिलेगी।