सपा कार्यालय पर डॉ. आंबेडकर की जयंती मनाते सपाजन। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/लालानगर। संविधान निर्माता डॉ.भीमराव आंबेडकर की जयंती बुधवार को राजनीतिक कार्यालयों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक धूमधाम से मनाई गई। वक्ताओं ने कहा कि डॅा.आंबेडकर गरीबों के पक्षधर थे। सपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चित्र पर माल्यार्पण कर अधूरे कार्यों को पूरा कराने का संकल्प लिया तो अनुसूचित जाति की बस्तियों में पूजन-अर्चन कर प्रसाद का वितरण कराया गया।
कंसापुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में चित्र पर माला चढ़ाकर जिला उपाध्यक्ष हसनैन अंसारी ने कहा कि डॉ.आंबेडकर गरीबों के पक्षधर थे। अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ, समाज सुधारक के रुप में पहचान बनाकर महिलाओं, किसानों, गरीब परिवारों को मिलने वाले हक-अधिकार में जो योगदान दिया उसे न लोग भुला सकते हैं न इतिहास के पन्नों से ओझल किया जा सकता है। अधूरे कार्यों के साथ समाज को सशक्त बनाने का संकल्प लेना समय की मांग है। इस मौके पर हृदयनारायण प्रजापति, श्यामला सरोज, बिन्दु सरोज, मधुबाला पासी, घनश्यामदास गुप्ता, रामयज्ञ पाल आदि रहे।
इसी तरह कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष माबूद खान ने अनुसूचित जाति बस्ती गोपपुर-औराई में चौपाल लगाकर तैल चित्र पर माला चढ़ाया। उपस्थित लोगों को जागरूक किया कि संविधान और समाज के रचनात्मक सोच में आंबेडकर की महानता अधिक है। उन्हीं की देन है कि पंचायती राज कानून में अनुसूचित जाति/जनजाति को 33 फीसद आरक्षण का लाभ मिल रहा है। गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का उत्थान ही आंबेडकर के जीवन का लक्ष्य था जिसको साकार करने के लिए उनके बताए हुए मार्ग पर चलना सबसे बड़ी समझदारी होगी। इस मौके पर आनंद मौर्य, संतोष बघेल, अमित कुमार, परवेज हाशमी, कुमार मंगल, पंधारी गौतम, बिहारीलाल, शमशेर, विजय कुमार, मो.खलील आदि उपस्थित रहे।