सीतामढ़ी। जिले के धार्मिक और पर्यटन स्थली सीतामढ़ी में 29 जनवरी को गंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। गंगा तट की साफ-सफाई के अलावा पक्के गंगा तट पर गंगा महाआरती के लिए भव्य स्टेज निर्माण शुरू हो गया है।
सड़कों की पैचिंग के साथ सड़को की पटरी की साफ सफाई और सुंदरीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को जिला पंचायत राज अधिकारी बालेश्वरधर द्विवेदी सीतामढ़ी में कार्यों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने कार्यों को तेजी और मानक के अनुरूप करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश मातहतों को दिया। उन्होंने अमर उजाला को बताया कि मुख्यमंत्री का संभावित दौरा तय है। वह दोपहर तीन बजे मिर्जापुर से चलकर सड़क मार्ग से सीतामढ़ी गंगा तट पर पहुंचेंगे। जहां पर गंगा महाआरती, जनसभा और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम उसी स्थान पर रखा गया है, जहां पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी जनसभा कर चुकी है। इस मौके पर सरोज पांडेय, राहुल दुबे, विमल कुमार मिश्रा, सेक्रेटरी संजय दुबे, ग्राम प्रधान मिश्रीलाल, अशोक कुमार गुड्डू मिश्रा, आशीष पांडे, सरकार शुक्ला आदि रहे।