ज्ञानपुर। जिला अस्पताल, भदोही एमबीएस समेत छह सीएचसी के चिकित्सक अब 24 घंटे ऑनकाल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अस्पताल भी बुलाया जाएगा। अस्पताल न आने वाले चिकित्सक कार्रवाई होगी। तीन दिन के भीतर उन्हें स्पष्टीकरण भी देना होगा। यह व्यवस्था पहले से ही लागू थी, लेकिन कोरमपूर्ति तक। अब इसपर सख्ती की जा रही है।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही सहित भानीपुर, गोपीगंज, डीघ, औराई, भदोही, सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 25 से अधिक सर्जन, महिला रोग विशेषज्ञ, नेत्र सर्जन की तैनाती है। इसमें से अमूमन स्वास्थ्यकर्मी जनपद के बाहर निवास करते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र पर गंभीर केस आने के बाद तैनात स्वास्थ्यकर्मी उसे रेफर कर देते हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक को फोन नहीं किया जाता है। ऐसे में मरीज को वाराणसी, मंडलीय अस्पताल या फिर निजी अस्पताल जाना पड़ता है। अब अस्पताल से सूचना मिलने के एक घंटे में चिकित्सक ऑनकाल होंगे। अस्पताल पहुंच कर मरीज का उपचार करेंगे। इससे पहले भी ऑनकाल की व्यवस्था बर्न यूनिट समेत अन्य केंद्रों पर थी।
जिला अस्पताल, एमबीएस भदोही समेत सभी सीएचसी पर चिकित्सक ऑनकाल रहते हैं। सूचना मिलने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज करते हैं।
डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही