सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते जिलाधिकारी
सावन माह में कांवरियों की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने शुक्रवार को जीटी रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा प्रबंध में तैनात किए गए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों और सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। दोनों अधिकारियों ने गोपीगंज, लालानगर, माधोसिंह, औराई, महराजगंज, बाबूसराय आदि क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। चेतावनी दी कि कांवरियो की सुरक्षा में कोई चूक हुई तो एसओ जिम्मेदार होंगे।
जिलाधिकारी विशाख जी ने थानाध्यक्षों और तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि कांवरियों के लिए सुरक्षित लेन पर किसी भी वाहन को न घुसे। डीएम ने सुरक्षा के मद्देनजर वैरियर कट प्वाइंट पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों से कहा कि शासनादेश का कड़ाई से अनुपालन करें। बारिश के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा बलों के लिए बने टेंट के ऊपर पॉलिथीन लगाने का निर्देश दिया। कहा कि पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करें ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ और एसओ को निर्देश दिया कि वे बराबर भ्रमण कर निगरानी करें। इस मौके पर एसडीएम केशवनाथ और बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।