रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। चौरी थानाक्षेत्र के चनईपुर गांव निवासी प्रमोद यादव की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। जालसाज रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठ रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मच गई है।
चनईपुर गांव निवासी प्रमोद यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जोगीपुर गांव निवासी रामसागर यादव रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर वर्ष 2011 में दिल्ली लिवाकर गया था। वहां बलिया निवासी ब्रह्मानंद नाम के व्यक्ति से संपर्क कराया। रेलवे में नौकरी दिलाने के लिए सात लाख 80 हजार रुपये लिए। एक माह के अंदर नियुक्ति पत्र मिलने का आश्वासन भी दिया गया। करीब एक माह गुजरने के बाद भी कुछ नहीं हुआ तो संपर्क किया।
आजकल करते-करते पांच साल का समय गुजर गया, लेकिन अब तक नौकरी नहीं मिली। पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। शुक्रवार को चौरी पुलिस ने रामसागर यादव, ब्रह्मानंद समेत 10 लोगों के खिलाफ जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। औराई सीओ सुशील कुमार सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।