दुर्गागंज त्रिमुहानी पर वित्तमंत्री अरुण जेटली का पुतला दहन करते व्यापारी।
आयकर में जेल भेजने के प्रावधान के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की जिला इकाई के बैनर तले व्यापारियों ने ज्ञानपुर नगर की दुर्गागंज त्रिमुुहानी पर प्रदर्शन कर वित्तमंत्री अरुण जेटली का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आयकर दाता व्यापारियों के लिए पेंशन की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष घनश्यामदास गुप्ता की अगुवाई में सड़क पर उतरे व्यापारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से आयकर में जेल भेजने के बनाए गए प्रावधान और आयकर दाता व्यापारियों के लिए पेंशन नीति न लागू करने का खुलकर विरोध किया जाएगा। गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने आयकर में जेल भेजने का प्रावधान पहली बार किया है। इससे भ्रष्टाचार, शोषण और उत्पीड़न बढ़ेगा। इस प्रावधान को वापस लिया जाना चाहिए।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वित्तमंत्री का पुतला दहन कर दिया। इसके बाद व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। कहा कि व्यापारी समाज आयकरदाता व्यापारियों के लिए पेंशन की मांग कर रहा है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि जीएसटी में एक दफ्तर, एक पंजीकरण, एक रिटर्न, एक टैक्स और एक कर निर्धारण का प्रावधान होना चाहिए। इसके अलावा जीएसटी में गिरफ्तारी, दैनिक जुर्माना और जेल का प्रावधान समाप्त करने की मांग दोहराई। पुतला दहन करने वालों में राजीव गोयल, जेके गुप्ता, बच्चन लाल पाल शामिल रहे।