ज्ञानपुर। जिले में स्वास्थ्य महकमा के आलाधिकारियों पर डीएम के निर्देशों का तनिक भी खौफ नहीं है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तत्कालीन डीएम गौरांग राठी के निर्देश के करीब सात महीने बाद भी जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर पर सीसी कैमरे नहीं लगाए गए हैं।
जिले में 51 अल्ट्रासाउंड सेंटर पंजीकृत हैं। इसमें से एक साल में पांच सील हो चुके हैं। इस समय जिले में 46 सेंटर पंजीकृत हैं। अल्ट्रासाउंड सेंटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर करीब सात माह पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद के सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों के बाहर प्रतीक्षा कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष में सेवायोजित चिकित्सक की कुर्सी तक सीसी कैमरे लगाए जाने का निर्देश दिया था। जिससे सेवायोजित चिकित्सक के आने जाने का समय व आए दिन चिकित्सक की अनुपस्थित की शिकायत पर नियंत्रण लग सके। बृहस्पतिवार को अमर उजाला की टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लगे कैमरों की पड़ताल की। ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां, गोपीगंज समेत अन्य बाजारों के अल्ट्रासाउंड सेंटरों की पड़ताल में किसी भी सेंटर पर सीसी कैमरा लगा नहीं पाया गया। गौर करने वाली बात है कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण को निकलती जरूर है, लेकिन वह केवल कोरमपूर्ति कर लौट आती है। अल्ट्रासाउंड संचालक सारे नियम को ताक पर रखकर बिना कैमरा लगाए ही सेंटर धड़ल्ले से चला रहे हैं।
इस संबंध में सीएमओ डाॅ. एसके चक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन होगा। स्वास्थ्य टीम का गठन कर अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की जाएगी। जहां नहीं लगी लगे हैं। वहां नोटिस जारी कर सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया जाएगा।