प्राथमिक विद्यालय दरवांसी में सुविधा न मिलने पर विरोध जताते प्रवासी।
- फोटो : BHADOHI
जंगीगंज। डीघ विकास खंड के दरवांसी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन हुए दो दर्जन से अधिक प्रवासी मजदूरों ने बृहस्पतिवार को सुविधाएं न मिलने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विपिन सरोज, विकास, राजकुमार, प्रमोद कुमार, नितिन आदि ने कहा कि लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों को जांच-पड़ताल के लिए जगह-जगह क्वारंटीन किया जा रहा है। चार दिन पूर्व प्रयागराज, सूरत, दिल्ली, हरियाणा, पानीपत से आए दो दर्जन लोग अपने घर न जाकर गांव के विद्यालय में शरण लिए हैं। जहां उनको जिला प्रशासन की ओर से न भोजन की व्यवस्था समुचित ढंग से हो पा रही है, न बिजली की। रात के समय मच्छरों और गंदगी के कारण रहना मुश्किल हो गया है।
बार-बार ग्राम प्रधान, बीडीओ डीघ को भी सूचना देकर व्यवस्था देने की मांग की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। डीघ कंट्रोल रूम प्रभारी/एडीओ पंचायत अजय पांडेय ने कहा कि शीघ्र ही व्यवस्थाएं दिलाने का प्रयास किया जाएगा।