भदोही। राजकीय महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय में सुविधा शुल्क लेकर दवाएं देने की सूचनाएं मिलने के बाद डीएम राजेंद्र प्रसाद ने बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएमएस डा.जयनरेश से अस्पताल की व्यवस्था चुस्त दुरूस्त बनाए रखने का निर्देश देते हुए भविष्य में ऐसी शिकायतें आने पर सीधे सीधे उन्हें जिम्मेदार ठहराने की बात कही।
डीएम ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, समेत शौचालय, दवा कक्ष आदि का निरीक्षण किया। गत दिनों विधायक रवींद्र त्रिपाठी द्वारा सुविधा शुल्क लेकर दवाएं देने के मामले का खुलासा किए जाने का संज्ञान लेते हुए कहा कि कोई कर्मीचारी सुविधा शुल्क मांगता है तो चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। डा.वीके मौर्य जिसके कर्मचारी ने सुविधा शुल्क लिया था उन्हेें इस तरह की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए चेताया।
निरीक्षण के दौरान मरीजों से पूछताछ कर दवाएं सही से मिलने की जानकारी ली। दवा स्टोर में यह देखा कि सभी दवाएं उपलब्ध हैं या नहीं। बारिश में होने वाली समस्याओं पर सीएमएस से जानकारी ली। सीएमएस ने बताया कि बारिश के दौरान ओपीडी कई दिनों तक ठप हो गई थी। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मी और चिकित्सक यूनिफार्म में थे।