बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने और उनके स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संपूर्ण टीकाकरण जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से टीका मित्र एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह वाहन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। इसकी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
डीएम ने अभिभावकों से पांच साल तक के बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों को पोलियो, टीबी, खसरा और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाता है। स्वस्थ बच्चे ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। अभिभावक स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को जन्म से 16 साल तक विभिन्न टीके लगाए जाते हैं। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। अभिभावकों को मातृ एवं शिशु सुरक्षा (एमसीपी) कार्ड सुरक्षित रखना चाहिए और टीकाकरण के लिए केंद्र पर जाते समय इसे साथ ले जाना चाहिए।
टीकाकरण के बाद बच्चे को 30 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र पर निगरानी में रखने की सलाह दी गई। हल्का बुखार या दर्द होने पर स्वास्थ्यकर्मी के परामर्श से देखभाल करने को कहा गया। हल्की सर्दी-जुकाम होने पर टीकाकरण स्थगित करने का निर्णय स्वयं न लें, बल्कि स्वास्थ्यकर्मी से सलाह लें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित जानकारियों पर विश्वास न करने की भी अपील की गई।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण के लिए यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
इस मौके पर सीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला, डॉ. रामपाल यादव, डॉ. आशीष शुक्ला, डॉ. आरबी पाठक, राम आसरे पाल आदि मौजूद रहे।