ज्ञानपुर। राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर मांगपत्र डीएम आर्यका अखौरी को सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के साथ एकजुट हुए दिव्यांगों ने चंदापुर निवासी मृतक फूलचंद गौतम को जीविकोपार्जन के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा, रहने के लिए आवास, शौचालय, जमीन आवंटन, मृतक आश्रित को नौकरी देने की मांग की।
आरोप लगाया कि दिव्यांगों के नाम पर शासन और प्रशासन मात्र खानापूर्ति कर रहा है। वास्तविकता यह है कि जिले के 40 फीसद परिवार अपनी मूलभूत समस्याओं से निजात पाने के लिए ग्रामसभा, ब्लॅाक, विकास भवन, सीएमओ, डीपीआरओ समेत अन्य कार्यालयों का चक्कर काटते फिर रहे हैं बावजूद इसके उन्हें अपना हक नहीं मिल पाता। दो दिन पूर्व फूलचंद गौतम मुख्यालय परिसर स्थित एसडीएम कोर्ट के सामने न्याय मांगते समय दम तोड़ दिया। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिव्यांगजन विभाग, न्यायिक अधिकारी और जिला प्रशासन दिव्यांगों की उपेक्षा करने में कोई कमी नहीं छोड़ा है। तहसील और जिला स्तरीय अधिकारियों ने दिव्यांग परिवारों के मामलों का त्वरित निस्तारण कर मृतक आश्रितों का हक दिया तो रणनीति तैयार कर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में पिंटू पाल, नीरज, राजकुमार, राघेश्वर पांडेय, संतोष उपाध्याय सोना देवी आदि रहें।