संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते ग्राफ को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने रविवार को जिले को 10 जोन, 80 सेक्टरों में बांट दिया। 10 जोनल, 80 सेक्टर और तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी। एक-एक सेक्टर में छह ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। सभी अधिकारियों को हर रोज की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
कोरोना की दूसरी लहर के कारण हर कोई भयभीत है। तेजी से बढ़ते संक्रमण ने ग्रामीण अंचलो में अपना पांव पसार लिया है। संक्रमण की रफ्तार कम करने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मरीजों के मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा। ग्रामीण अंचलो में लापरवाही बरती जा रही है। जिसको संज्ञान में लेते हुए डीएम आर्यका अखौरी ने 546 ग्राम पंचायतों में निगरानी रखने के लिए जिले के सभी 80 न्याय पंचायतों को एक-एक सेक्टर में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया है। जिसकी जिम्मेदारी जिलास्तरीय अधिकारियों को दिया गया है। तीनों तहसीलों को 10 जोन में बांटा गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य समेत 10 अधिकारी जोनल मजिस्ट्रेट बने हैं। एसडीएम ज्ञानपुर चंद्रशेखर, एसडीएम भदोही योगेंद्र कुमार और एसडीएम औराई आशीष कुमार मिश्र को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रतिदिन गावों का भ्रमण कर स्थिति का अवलोकन करेंगे और रिपोर्ट को जोनल और सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के माध्यम से डीएम को सौपेंगे। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर गहन निगरानी रखने के लिए जिले को 10 जोन और 80 सेक्टरों में बांटा गया है। इससे संक्रमण के बढ़ते रफ्तार पर विराम लगाया जा सकेगा।