ज्ञानपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद पर पांच समेत कुल 21 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। इस दौरान दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। नामांकन शुरू होने के साथ बार चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ गई है। सात दिसंबर तक नामांकन होगा।
एल्डर्स कमेटी की ओर से डिबाए चुनाव को लेकर पिछले दिनों अधिसूचना जारी की गई। सोमवार से अधिवक्ता चेंबर में नामांकन पत्रों का वितरण शुरू है। बृहस्पतिवार को पहली बार एक साथ 21 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें अध्यक्ष पद पर पांच, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दो, महासचिव के लिए दो, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से कम पर एक, 10 वर्ष से ऊपर के लिए तीन उम्मीदवारों ने पर्चा भरा।
कोषाध्यक्ष के लिए दो, संयुक्त सचिव के लिए दो, आय-व्यय निरीक्षक के लिए एक, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के लिए एक और कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए दो नामांकन हुए। पूर्व अध्यक्ष एवं एल्डर्स कमेटी के सदस्य मोहन लाल मिश्रा ने बताया कि कुल 21 समेत अब तक 23 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों पर नामांकन किया है।
उन्होंने बताया कि सात दिसंबर तक नामांकन पत्रों का वितरण एवं पर्चा दाखिला, नौ को जांच, 10 को नाम वापसी, 20 दिसंबर को मतदान और 21 को मतगणना होगी। बताया कि कमेटी की तरफ से चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस मौके पर प्रभारी अध्यक्ष प्रभुनाथ पाठक, विनीत कुमार श्रीवास्तव, सुधाकर पांडेय आदि रहे।