रैली में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट, रोवर्स-रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवायोजना के स्वयंसेवी, केएनपीजी प्राध्यापक, न्यायिक अधिकारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
रैली को अपर जिला जज प्रथम एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी अखिलेश पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कॉलेज परिसर से निकली रैली नगर के मुख्य मार्ग होते हुए शीतला पाल तिराहा, हरिहरनाथ मंदिर, राजा पार्क, कचहरी परिसर में पहुंची।
वहां वादकारियों, अधिवक्ताओं और मौजूद लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की अहमियत बताई गई। कचहरी गेट से बाहर निकलकर रैली दुर्गागंज रोड पहुंची।
इसके बाद दुर्गागंज त्रिमुहानी, जिला अस्पताल होते हुए तहसील ज्ञानपुर में पहुंची।
यहां भी छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, रोवर्स-रेंजर्स आदि ने अपने लोक अदालत के बारे में लोगों को जानकारी दी।
इसके पूर्व एडीजे प्रथम ने राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभ के बारे में प्रकाश डाला। कहा कि लोक अदालत समझौते से विवाद, मुकदमा आदि निस्तारण का महत्वपूर्ण जरिया है।
ऐसी पहल का लाभ उठाकर झंझावत से दूर और तनाव रहित हो सकते हैं। कार्यक्रम में केएनपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचपी सिंह, रोवर्स प्रभारी डॉ. कमाल अहमद सिद्दीकी, जिला विधिक प्राधिकरण सचिव प्रवीण पांडेय, सिविल जज कमलकांत श्रीवास्तव, रेंजर्स प्रभारी डॉ. रश्मि सिंह, चीफ प्रॉक्टर डॉ. सविता भारद्वाज, डॉ. पीएन डोंगरे, डॉ.चंद्रप्रकाश, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. वाचस्पति आदि मौजूद रहे।