ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने मनरेगा के कार्य सभी विकास खंडों में न कराए जाने पर नाराजगी जताई। जिन गांवों में आंगनबाड़ी नहीं हैं, वहां शीघ्र बनवाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सीडीओ को निर्देश दिया कि धन आवंटन और प्राप्ति की वस्तुस्थिति और विभागीय मुद्दों की जानकारी विभागवार प्राप्त करउन्हें अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने विकास खंड डीघ में कुरमैचा, औराई में मवैया हरदोपट्टी, ज्ञानपुर में भुसौला गांवों में अब तक आंगनबाड़ी केंद्र न बने होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव में जाकर ग्राम पंचायत अधिकारियों से मिलकर कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना समस्त विकास खंडों में कार्य न होने पर नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारियों को कार्य शुरू कर प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया। डीएम ने आबकारी, आईजीआरएस, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, पेयजल योजना, गड्ढामुक्ति, डूडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन, सहित पेंशन आदि योजनाओं की समीक्षा की।