चक्रवाती तूफान से नगर सहित आसपास के करीब आठ गांवों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे मंगलवार को नगर में पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। हैंडपंपो पर लंबी कतार रही। बिजली न रहने से गर्मी से लोग परेशान रहे।
सोमवार की शाम करीब छह बजे जिले में आए चक्रवाती तूफान से दर्जनों पेड़ जहां धराशायी हो गए वहीं सहसेपुर विद्युत उपकेंद्र से विभिन्न इलाकों में बिजली के तार टूट गए।
इससे नगर सहित आसपास के दलपतपुर, नरौर, जगापट्टी, मनऊबीर समेत आठ गांवो में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। आपूर्ति ठप रहने से मंगलवार को दिन भर नगर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ा। शिकायत के बाद भी तार दुरुस्त नहीं किया गया। सभासद धर्मेन्द्र, राहुल, रामचंद्र, संदीप मौर्य ने आरोप लगाया कि कई साल से लटकते जर्जर तार बदलने की मांग की जा रही है लेकिन उसे विभाग इसके प्रति लापरवाही बरत रहा।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अविलंब व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। वहीं विभाग के जेई ईश्वर शरण सिंह ने कहा कि आंधी से कई स्थानों पर तार टूटकर गिर गए हैं। उसे दुरुस्त किया जा रहा है। जैसे ही तार सही हो जाएगा आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।