पिछले साल ओलावृष्टि और 2016 में बाढ़ से नष्ट हो चुकी फसल का मुआवजा जल्द ही किसानों को मिलेगा। शासन की ओर से आपदा राहत के लिए 12 करोड़ मुआवजा स्वीकृत हो गया है। इससे ज्ञानपुर और औराई तहसीलों के करीब चार सौ किसानों को लाभ मिलेगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सुरेश कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया।
डीएम ने किसानों की सूची और बैंक खाते का आईएफसी कोड न उपलब्ध कराने पर जिला कृषि अधिकारी को और बाढ़ प्रभावित किसानों की सूची न देने पर कानूनगो को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिन में सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि वर्ष 2015 में ओलावृष्टि से काफी संख्या में किसानों की फसल नष्ट हो गई थी। मुआवजे का वितरण किया गया, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों को लाभ नहीं मिला था। शासन ने इसके लिए धन स्वीकृत कर दिया है। उन्होंने कहा कि औराई तहसील के 124 गांवों में 26894 लाभार्थियों के लिए 4 करोड़ 40 लाख, ज्ञानपुर तहसील में 204 गांव के 40 हजार 183 किसानों को 7 करोड़ की धनराशि मिली है।
बाढ़ से प्रभावित ज्ञानपुर तहसीलके 34 गांवों में 2171 किसानों के लिए 37 लाख 49 हजार 599 रुपये, औराई में 4 लाख 54 हजार 401 रुपये मिले हैं। ज्ञानपुर में चक्रवात से पीड़ित 17 व्यक्तियों को 12 लाख 53 हजार औराई में 18 व्यक्तियों को 57 हजार रुपये स्वीकृत हुआ है। लाभार्थियों के खाते में मुआवजा भेजने के लिए तहसीलदारों को हिदायत दी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।