भदोही। सपा की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने वर्षों से उपेक्षित नगर के ज्ञानपुर रोड-सरैंया मार्ग के निर्माण की संस्तुति करते हुए अपनी सांसद निधि से 49.50 लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह को इस आशय का पत्र जारी कर प्राथमिकता के आधार पर सीसी रोड निर्माण कराने को कहा है। प्रमुख कालीन व्यवसायी और अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एकमा) के पूर्व अध्यक्ष रवि पाटोदिया ने राज्यसभा सदस्य के निर्णय से अवगत कराते हुए बताया कि उन्होंने ज्ञानपुर मार्ग से कुल 1980 वर्ग मीटर सड़क निर्माण की संस्तुति की है। उनके द्वारा भदोही को गोद लिए जाने के दृष्टिगत उन्हें मार्ग की बदहाली से अवगत कराते हुए निर्माण कराने की मांग की गई थी। उन्होंने इसके लिए राजेश यादव और रमेश चंद यादव के प्रयासों की सराहना की है।