गोपीगंज नगर के वार्ड संख्या 12 में सामुदायिक शौचालय का पाइप फट जाने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने शीघ्र क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कराने की मांग की है।
गोपीगंज नगर के वार्ड संख्या 12 में पानी की टंकी के पास पालिका के द्वारा बनवाए गए सार्वजनिक शौचालय का पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते शौचालय का गंदा पानी कैंपस के बाहर बह रहा है। वार्ड के सभासद इदरीश का कहना है कि शौचालय का पानी सड़क पर बह रहा है। वहीं वार्ड के रहवासी सोनू, सुहैल, अयूब, मासूम, जग्गा, शहनवाज, लल्लू, शाहिद आदि ने आरोप लगाया कि शौचालय की टंकी में पानी भी नहीं आता है। जिसे शौचालय का इस्तेमाल करना होता है, वह बाहर से पानी लेकर आता है। पिछले एक सप्ताह से शौचालय की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी कैंपस के बाहर बह रहा है। शिकायत के बाद भी पालिका प्रशासन क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत नहीं करा रहा है। कांग्रेस नेता माबूद खान के साथ वार्ड वासियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करवाते हुए तत्काल क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कार्य करवाने की मांग की है। नगर पालिका के अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता का कहना है कि जो भी समस्या है, उसे जल्द ही दूर किया जाएगा।