प्रांतीय धनगर महासभा के बैनर तले पाल समाज के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। आरोप लगाया कि अनसूचित जाति आयोग और हाइकोर्ट के आदेश के बाद भी जिलास्तरीय अधिकारी धनगर (गड़ेरिया) समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी नहीं कर रहे।
चेतावनी दी कि प्रमाण पत्र जारी होने तक पाल समाज का संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, धरनारत लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
धरने में बतौर मुख्य अतिथि धनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर ने कहा कि आजादी के छह दशक बाद भी धनगर (गड़ेरिया) समाज के लोगों को उनका हक नहीं मिला। कहा कि संविधान में धनगर जाति को अनुसूचित जाति अंकित किया गया है।
1991 की जनगणना में भी यह अंकित किया गया कि प्रदेश के सभी जिलों में यह जाति निवास करती है। अनुसूचित जाति आयोग और उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर प्रदेश सरकार ने
धनगर जाति को एससी प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया है, लेकिन जिलास्तरीय अधिकारियों, तहसीलदारों की मनमानी से धनगर जाति को एससी का प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है।
संगठन के पूर्वांचल प्रभारी बाबूराम धनगर ने कहा किसमाज के साथ न्याय नहीं हुआ तो आने वाले विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दलों को सबक सिखाया जाएगा।
धरने में हरिओम धनगर, इंद्रदेव पाल धनगर, भंवर सिंह धनगर, जयशंकर धनगर, सोहन धनगर, दीनानाथ धनगर, अखिलेश प्रकाश धनगर, कामता, सुरेश, सेवालाल, बच्चन,
रामयज्ञ धनगर, सूबेदार, राघोराम, विवेक, अर्पित, रामसहारे, सदानंद समेत सैकड़ो लोग मौजूद रहे।