पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के राम मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार की शाम शाम पांच बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विधि-विधान के साथ विराजमान कराया गया।
भगवान जगन्नाथ बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर मौसी के घर जाने के लिए निकले। भगवान के रथ को अपने बीच पाकर भक्त निहाल हो गए।
भक्तों में रथ खींचने की होड़ रही। इसी साथ ही तीन दिवसीय रथयात्रा मेला की शुरुआत हुई। इसी तरह धानापुर, बबुरी, सैयदरजा, चंदौली में भी भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने और जगत के नाथ के दर्शन के लिए भक्त उमड़े।
पीडीडीयू नगर में जयकारे के बीच रथ जीटी रोड पर रेलवे स्टेशन के पार्सल गेट के समीप पहुंचा।
सड़क चौड़ीकरण के कारण सड़क के किनारे की दुकानें टूट चुकी हैं। वहीं नाले का निर्माण भी नहीं हुआ है। वहीं पर भगवान जगन्नाथ के रथ को रोक दिया गया।
यहां पहले से ही जीटी रोड की एक लेन पर आवागमन रोक दिया गया। सड़क के दोनों तरफ झालरों की भव्य सजावट की गई। शाम छह बजे यहां दर्शन पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी।
मेले में लोगों ने खूब खरीदारी की। रात 10 बजे लोकगीत का आयोजन हुआ।
आयोजक मंडल की पदाधिकारी आनंदी देवी, जवाहर गुप्ता ने बताया कि शुकवार सुबह सात बजे भक्त भगवान जगन्नाथ के रथ को जीटी रोड स्थित दामोदरदास पोखरा ले जाएंगे। वहीं शाम को यहां कुश्ती दंगल होगा। शाम सात बजे रथ भक्त खींच कर सुभाष पार्क के समीप नवनिर्मित काली मंदिर के समीप ले आएंगे। यहां पूरी रात भजन कीर्तन होगा।
धानापुर में गाजे बाजे के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा : धानापुर। श्रीहनुमान मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान के जयघोष के बीच रथ की रस्सी खींची और दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
रथयात्रा में मंदिर समिति के शशिकांत रस्तोगी, मनोज दुबे, मुकुंद रस्तोगी, ग्राम प्रधान रामजी, बबलू रस्तोगी (सुशील), भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, प्रभु रस्तोगी, आशुतोष सिंह उर्फ मिंटू आदि शामिल रहे।
पीडीडीयू नगर में भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचते श्रद्धालु। संवाद- फोटो : Archive