पुरुषोत्तम मास में रामपुर गंगा घाट पर स्नान के लिए जुटे श्रद्धालु। संवाद
गोपीगंज। पुरुषोत्तम मास के तेरस तिथि पर शनिवार को गंगा स्नान करने के लिए जिले के विभिन्न घाटों पर आस्था की भीड़ दिखी। भोर से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचने लगे। दिनभर घाट पर धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला चलता रहा। स्नान ध्यान करने के बाद लोगों ने दानपुण्य करके पुण्यफल अर्जित किया। सेमराधनाथ धाम के महंत करूणाशंकर दास ने बताया कि अलग-अलग घाटो पर करीब 10 से 12 हजार लोगों ने स्नान किया।
जिले के रामपुर गंगा घाट, सीतामढ़ी, बिहरोजपुर, सेमराध, भवानीपुर, कलिजरा घाट पर स्नान करने के लिए लोगों की भीड़ दिखी। डूहिया भावसिंहपुर निवासी आचार्य दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में गंगा स्नान, दान-पुण्य और भगवान विष्णु की उपासना का विशेष महत्व होता है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घाट पर सुरक्षा और साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया। हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा।