ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म। संवाद
ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर जल्द ही सुविधाओं का विस्तार होगा। यहां न सिर्फ यात्रियों की सुविधा के लिए एक्सलेटर लगाए जाएंगे, बल्कि प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तार भी किया जाएगा। प्लेटफार्म पर टीनशेड लगेगा। इस पर 4.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिले में ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन वाराणसी-रामबाग खंड का प्रमुख रेलवे स्टेशन हैं। यहां हर दिन करीब 45 से अधिक ट्रेनें रुकती हैं। इसमें करीब 20 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें होती हैं। अप व डाउन ट्रेनों के ठहराव के कारण यहां से हर दिन औसतन 15 हजार के आसपास लोग यात्रा करते हैं।
प्लेटफार्म नंबर एक पर प्रयागराज की तरफ प्लेटफार्म छोटा होने के कारण कई बार ट्रेन आने के बाद कई सारी बोगियां प्लेटफार्म दूर रहती थीं। जिससे ट्रेनों से उतरने और यात्रियों को चढ़ने में काफी परेशानी होती है। कई बार इससे दुर्घटना की भी आशंका होती है, लेकिन अब इस समस्या का जल्द ही समाधान होगा। पूर्वाेत्तर रेलवे की ओर से कार्य की मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।