Bhadohi News: भदोही में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन समस्या जस की तस है। जलभराव के कारण नगर में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
भदोही में जिस समस्या के समाधान के लिए पिछले चार वर्षों में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए गए, वह समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। शुक्रवार को ज्ञानपुर में करीब 45 मिनट तक हुई झमाझम बारिश के बाद दुर्गागंज तिराहा पूरी तरह जलमग्न हो गया। दुकानों में पानी घुसने लगा। जलभराव के कारण नगर में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
ज्ञानपुर नगर पंचायत के दुर्गागंज तिराहे पर हर वर्ष बारिश के दौरान घुटने तक पानी भर जाता है। बीते चार वर्षों में नगर पंचायत ने इस समस्या के समाधान के लिए करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। करीब ढाई वर्ष पहले नगर पंचायत कार्यालय के पास से दुर्गागंज मोड़ तक लगभग 100 मीटर लंबे नाले के निर्माण पर सवा दो करोड़ रुपये खर्च किए गए।
इसके बाद बीते वर्ष दुर्गागंज तिराहे के पास जिला पंचायत की पुरानी नाली की मरम्मत पर 1.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वर्तमान में इन नालों को जोड़ने के लिए जिला अस्पताल मोड़ से कोतवाली तक 150 मीटर नाले का निर्माण करीब 80 लाख रुपये की लागत से चल रहा है।
तीन चरणों में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद शुक्रवार को 45 मिनट की बारिश के बाद दुर्गागंज तिराहे से नगर पंचायत के आसपास की गलियों और दुकानों तक पानी पहुंच गया। जलभराव के कारण मंडलीय पॉली क्लीनिक से शीतलपाल तिराहा तथा ज्ञानपुर चौकी के आगे तक जाम की स्थिति बनी रही।