पार्टी कार्यकर्ताओं ने अघोषित कटौती और फाल्ट को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग को लेकर बाइक जुलूस निकालकर नगर भ्रमण किया और पावर हाउस पर पहुंचकर वहां मौजूद बिजली कर्मचारी को बंधक बना लिया।
बिजली समस्या दूर करने के एसडीओ के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
बिजली समस्या के विरोध में नगर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पुरानी बाजार कुंजीपुर से बाइक जुलूस निकाला। इस दौरान नारेबाजी की और बिजली समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मनमानी बिजली कटौती बंद हो, टाउन में फाल्ट की समस्या ठीक करने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा रात में बिजली आपूर्ति बहाल करने के अलावा जर्जर तारों को बदलने की मांग की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी पावर हाउस पहुंचे तो वहां कोई अधिकारी नहीं मिला।
मौके पर मौजूद कर्मचारी राजबहादुर यादव को प्रदर्शनकारियों ने बंधक बना लिया। इसके बाद एसडीओ अशोक श्रीवास्तव से फोन पर बातचीत की गई। एसडीओ ने बृहस्पतिवार को सुरियावां पहुंचकर समस्या समाधान का भरोसा दिलाया। प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से अवधेश कुमार उमरवैश्य, शिव प्रसाद उपाध्याय, मूलचंद्र गुप्ता, घनश्याम पांडेय, बाबा पांडेय, जगदीश दुबे, दिनेश मौर्य, अनिल अग्रहरि आदि शामिल रहे।