उप शिक्षा निदेशक एवं राज्य स्तरीय सचल दल प्रभारी चंद्रजीत यादव ने सोमवार को पांच परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इससे केंद्र प्रभारियों में खलबली मच गई। कुछ केंद्रों पर 100 मीटर की परिधि में भीड़ दिखने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नाराजगी जताई। कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
पेपर लीक की घटना के बाद शासन-प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नकल पर नकेल कसने के लिए केंद्रों पर बदलाव भी हो रहा है। रविवार को 62 वित्तविहीन परीक्षा केंद्रों के अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस बीच सोमवार को उप शिक्षा निदेशक चंद्रजीत यादव ने परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए श्री गणेश प्रसाद लौधर इंटर कॉलेज खेतलपुर, काशी कृषक इंटर कॉलेज गोहिलांव, एचआरडी इंटर कॉलेज चौरी, गणेश प्रसाद इंटर कॉलेज बरवां और इंटर कॉलेज करियांव में औचक निरीक्षण किया। उप शिक्षा निदेशक के अचानक पहुंचने पर केंद्रों पर मौजूद लोगों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान उप शिक्षा निदेशक ने संबंधित केंद्र प्रभारी, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परीक्षा पारदर्शी व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की हिदायत दी। उन्होंने आगाह किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।