हटाए गए संविदा कर्मियों की बहाली की मांग को लेकर बिजली कर्मियों का प्रदर्शन बृहस्पतिवार को भी चला। विद्युत कर्मी पिछले चार दिन से ड्यूटी के बाद शाम को अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे हैं। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पावर कारपोरेशन प्रबन्धन औद्योगिक अशान्ति फैलाने का काम कर रहा है।
संयोजक धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि पॉवर कारपोरेशन प्रबन्धन ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशान्ति का वातावरण फैला रहा है। हम संविदा कर्मियों को हटाए जाने के सख्त खिलाफ हैं और उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग करते हैं। कर्मियों ने कहा कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण से पूर्व संविदा कर्मियों को हटाकर भय का माहौल बनाया जा रहा है। जिसका विपरित प्रभाव पड़ेगा। मौके पर सत्य प्रकाश मौर्या अमित कुमार, हरिओम शंकर, सत्य प्रकाश यादव, इरार, उदयभान पाल, प्रमोद कुमार, राज कुमार सरोज, सागर श्रीवास्तव आदि रहे।