जंगीगंज (भदोही)। डीघ विकास खंड के सूफीनगर-गोधना गांव में बने सौ बेड के क्वारंटीन सेंटर को अन्यत्र स्थापित करने की आवाज सोमवार को उठाकर ग्रामीणों और अभिभावकों जिलाधिकारी से उचित कदम उठाने की मांग की। आरोप लगाया कि रविवार को पुंज मॉडल स्कूल सीतामढ़ी में जगह न मिलने के कारण पुलिस प्रशासन ने बंद चल रहे बूनमैक्स कान्वेंट स्कूल में ऊंचाहार और अकबरपुर से पैदल आ रहे 101 मजदूरों को क्वारंटीन कर पहरा बढ़ा दिया। जबकि उक्त स्कूल एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। आसपास सैकड़ों परिवारों का रहन-सहन भी है।
ग्रामीण लाल मोहम्मद, मो. इश्तियाक, मो. रोशन, मो. अनीस, सरफराज आलम, आफताब आलम, अभिभावक राजकुमार, पुष्पेंद्र कुमार, भीमसेन, अखिलेश सिंह, शिवांग सिंह, गजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, सुभाषचंद, वकीलचंद, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार ने कहा कि देश व्यापी कोरोना वायरस की महामारी को रोकने के लिए शासन-प्रशासन प्रवासी मजदूरों और परिवारों को एक-दूसरे स्थानों पर न जाने के लिए रोका तो जा रहा है, लेकिन जहां कोरोना वायरस से दूर रहकर परिवार स्वस्थ जीवन जी रहा है, उन्हीं स्थानों, बस्तियों के बीच चल रहे स्कूलों को चिह्नित कर सेंटर बना दिए जा रहे हैं जो उचित नहीं हैं। ऐसे में यदि एक भी क्वारंटीन मजदूर सेंटरों से बाहर निकल लोगों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाते हैं। वायरस के फैलने में देर नहीं लगेगी और स्वस्थ परिवार भी संक्रमित होकर एक नहीं पूरी बस्ती को प्रभावित कर सकता है।
चार ग्राम पंचायतों गोधना, सुधवैं, मैलौना, दरवांसी को जोड़कर सूफीनगर बहुसंख्यक बस्ती है। राजमार्ग और जंगीगंज रेलवे स्टेशन तक बसे हजारों परिवारों की दांव पर लगी जिंदगी को बचाने के लिए सेंटर को बस्ती से दूर करने में भलाई होगी। बस्तीवासियों ने जिला प्रशासन से स्थलीय निरीक्षण कराकर कदम उठाने की पहल की है।