ऊंज। कोइरौना थाना क्षेत्र के दरवांसी गांव में जंगीगंज रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की शाम मालगाड़ी से कट कर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त रहा होगा।
घटना के बारे में बताया जाता है कि बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे के आसपास इलाहाबाद सिटी से चलकर हावड़ा जा रही विभूति एक्सप्रेस जंगीगंज स्टेशन पर आकर रुक गई। इसी दौरान लगभग (30) वर्षीय युवक ट्रेन से उतर कर लोगों से गोरखपुर जाने की बात करने लगा। इतने में ट्रेन आगे बढ़ गई और युवक स्टेशन पर ही रह गया। लोगों के दूसरी ट्रेन से जाने की बात कहने पर वह इधर-उधर टहल कर समय पास करने लगा। सात बजे वाराणसी से इलाहाबाद जा रही मालगाड़ी प्लेटफार्म नंबर दो पर रुक रही थी। तभी युवक दौड़ कर ट्रैक पार करने लगा और पैर फिसल जाने से मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। काफी देर तक शिनाख्त न होने पर सूचना पर पहुंचे जीआरपी प्रभारी अनिल कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।