सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के नारेपार गांव में सोमवार को करेंट की चपेट में आने से राजा (10) पुत्र रामअवध उर्फ दाढ़ी की मौत हो गई। बालक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
बताते हैं कि राजा सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे घर के पीछे लघुशंका के लिए गया था। वहां घर में सप्लाई के लिए गए बिजली के तार की चपेट में आ गया। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ती, तब तक मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। घर वालों ने बिजली के तार में लिपटे राजा को देखा तो अवाक हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह लाइन को काट कर उसे तार से अलग किया गया, लेकिन तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। इससे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। जानकारी मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव और चौकी प्रभारी सीतामढ़ी अरुण कुमार मिश्रा की देखरेख में शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने स्थानीय गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बालक प्राथमिक विद्यालय सीतामढ़ी में कक्षा पांच का छात्र था। वह दो भाई और तीन बहनों में चौथे नंबर पर होने के कारण परिवार का दुलारा था। हफ्ते भर पहले ही उसकी बड़ी बहन की शादी हुई थी। राजा की मौत ने घर में मातमी माहौल बना दिया है। मां सुनीता, पिता दाढ़ी, दादा मेवालाल, दादी लखना देवी सहित सभी परिजन रोते हुए बेसुध हो जा रहे थे।