डीएम को ज्ञापन देकर जिला मुख्यालय से बाहर निकलते व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बृहस्पतिवार को डीएम को ज्ञापन देकर रक्षाबंधन पर व्यापारियों को दुकानें खोलने की छूट देने की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष घनश्यामदास गुप्ता ने कहा कि गत पांच माह से वैश्विक महामारी कोविड-19 की मार झेल रहे व्यापारियों को सरकार की ओर से कोई राहत पैकेज नहीं दिया गया। उल्टे कभी विभिन्न तरह की दुकानों को खोलने और बंद करने का समय तय किया रहा है तो कभी छूट के नाम पर कार्रवाई की जा रही है।
इस विषम परिस्थिति में आम जनता को रसोई से लेकर गृहस्थी तक के सभी सामान को उपलब्ध कराने के लिए व्यापारियों ने किसी तरह की कमी नहीं रखी और घर की पूंजी भी लगा दी। छोटा-बड़ा कोई भी पर्व-त्योहार हो दुकानें न खोलने का निर्देश जारी कर उत्पीड़न किया जा रहा है। आगामी दिनों प्रमुख पर्व रक्षाबंधन को देखते हुए बंदी होने के बाद भी दुकानों को खोलवाने का आदेश दिया जाए। इस मौके पर रंजीत गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, श्रीकांत जायसवाल आदि पदाधिकारी सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए उपस्थित रहे। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने व्यापारियों की मांग पर उचित कदम उठाने का भरोसा दिलाया।