भदोही कोतवाली क्षेत्र के उगईपुर नईबस्ती के समीप रविवार को सुबह रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार वालों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस 10 नर्तकियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रविवार को सुबह ग्रामीणों ने उगईपुर-नईबस्ती के समीप रेल लाइन पर एक युवक का शव देखा। मृतक की शिनाख्त गोपी यादव (25) निवासी चकजुरानी के रूप में हुई। कुछ देर बाद रोते-बिलखते पहुंचे परिजनों ने बताया कि गोपी ऑटो चलाने के साथ ही आर्केस्ट्रा में काम करता था। उगईपुर में एक किराए के कमरे में रहने वाली नर्तकियों के यहां वह अक्सर जाता था। शनिवार की रात भी वहीं गया था। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि नर्तकियों ने गोपी की हत्या कर शव रेल लाइन पर फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक भदोही गगनराज सिंह ने बताया कि इस मामले में 10 नर्तकियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।