घोसिया। औराई पुलिस ने दूसरे दिन शनिवार को द्वारिकापुर घाट पर गंगा में युवक का शव उताराया मिला। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव का मूल निवासी प्रमोद कुमार पटेल (40) पुत्र भोला नाथ पटेल शुक्रवार को सुबह अपने चार-पांच साथियों के साथ जाल लेकर मछली पकड़ने द्वारिकापुर गंगा घाट पर आया था। इस दौरान गंगा में जाल डालने के बाद वह गहरे पानी में समा गया जिसको डूबता देख उसके साथी डरकर भाग निकले। नतीजतन किसी के आस पास नहीं होने के चलते वह गहरे पानी में डूब गया। इसके बाद मल्लाहों की सूचना पर गोताखोरों के साथ पहुंची पुलिस टीम प्रमोद पटेल की तलाश करने में जुट गई लेकिन सफलता नहीं मिली। तब तक रोते-बिलेखते परिजनों के साथ मड़ैया के ग्रामीण बड़ी संख्या में घाट पर पहुंचे। इसके बाद पूरी रात चली तलाश के बाद गोताखोर भी हताश हो चुके थे। दोपहर के समय मल्लाहों की नजर उतराए शव पर पड़ी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक औराई विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को लिखापढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक प्रमोद 20 दिन पहले बाहर से घर आया था और मछली पकड़ने का शौक मौत का कारण बन गई। घाट पर मिले मृतक के कपड़ों को देखकर परिजनों के आंसू नहीं रुक रहे थे।