जिले में बीते दो दिनों से मौसम परिवर्तित हुआ है। इससे जनपद वासियों ने चैन की सांस मिली है। मौसम खुलने से ठंड से राहत मिली है। शुक्रवार को दिनभर धूप खिली रही। इसके कारण अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की वृद्धि हुई है। शुक्रवार को अधिकतम 22.3 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।
जिले में शीतलहर के बीच बीते दो दिनों से मौसम खुल रहा है। हालांकि इसके बाद भी शीतलहर का असर देखा जा रहा है। बृहस्पतिवार को अचानक से बदले मौसम का असर शुक्रवार को भी देखने को मिला। खिली धूप का लोगों ने परिवार के साथ आनंद लिया। शाम छह बजे के बाद पछुआ हवा चलने से गलन का अनुभूति होनी लगी।
ठंड से बचाव को लेकर अलाव के पास बैठे, लेकिन हवा तेज गति से चलने के कारण लोगों को परेशानी हुई है। रात नौ बजे के बाद कोहरा पड़ने लगता है। इससे आवागमन के दौरान दिक्कतें होती। हालांकि खेती किसानी के लिहाज से यह मौसम उत्तम है। मौसम साफ होते ही किसान सरसों, गेंहू की फसल में उर्वरक की छिटाई करने लगे।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार को दिन का तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बृहस्पतिवार को दिन का पारा 18.5 और रात का 12.5 डिग्री रहा। बताया कि कोहरा पड़ने पर रात के पारा में दो से तीन डिग्री की वृद्धि हो सकती है।