ज्ञानपुर। शिक्षा सहायता योजना में अब निर्माण श्रमिकों की बेटियों को साइकिल दी जाएगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने पर उन्हें साढ़े तीन हजार की लागत की साइकिल मुहैया जाएगी। परीक्षाफल आने के बाद इसके लिए आवेदन जमा होंगे।
भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड की ओर से वैसे तो श्रमिकों के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। नि:शुल्क चिकित्सा, बीमारी के इलाज, बच्चों की पढ़ाई समेत 20 से अधिक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उसी क्रम में अब शिक्षा सहायता योजना में श्रमिकों की बेटियों को साइकिल दी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्तीर्ण होने वाली श्रमिक की बेटी को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति संग साढ़े तीन हजार की साइकिल दी जाएगी। इसके लिए शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से शिक्षा का प्रमाणपत्र दिया जाएगा। हाईस्कूल में उत्तीर्ण छात्रा को इंटर में प्रवेश की रसीद जबकि इंटर की छात्रा को स्नातक में प्रवेश की रसीद संग अन्य शैक्षणिक अभिलेेख प्रस्तुत करने होंगे।