सुरियावां। क्षेत्र के कुसौड़ा गांव में जिस युवती की शादी होने वाली थी, उसके परिवार में एक संक्रमित मरीज मिलने के बाद लड़की को भी आइसोलेट कर दिया गया है। इससे अब शादी टलनी तय मानी जा रही है।
मुंबई से लौटी कुसौड़ा निवासी एक महिला की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को पॉजिटिव आई। उस दौरान घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। रिपोर्ट आने के बाद उस दिन के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। 14 जून को संक्रमित महिला के भतीजे की शादी थी, उसे भी रद्द कर दिया गया। जबकि 19 जून को ननद की शादी पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित महिला के पति, सास और ननद को सीएचसी सुरियावां में आइसोलेट करा दिया है। ऐसे में शादी को लेकर परिवार वाले परेशान हो गए हैं। माना जा रहा है कि ननद की शादी की तारीख आगे बढ़ सकती है।