नगर क्षेत्र में इन दिनो डेंगू व मलेरिया की आशंका बढ़ती जा रही है। सरकारी आंकड़ों में भले ही एक भी डेंगू मरीज न हो, लेकिन निजी चिकित्सालयों में प्रतिदिन मरीज बढ़ रहे हैं। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भी हर दिन बुखार व बदन दर्द से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है।
जिले में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक एक भी डेंगू केस नहीं मिले हैं, लेकिन निजी अस्पतालों में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। भदोही नगर में भी डेंगू व मलेरिया का खतरा बढ़ता जा रहा है। बीते साल भदोही के कई इलाके डेंगू के लिहाज से बेहद संवेदनशील थे और कई हॉटस्पॉट पर भी चिन्हित हुए थे। इसे देखते हुए इस बार स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है, लेकिन खतरा अब भी बना हुआ है। क्षेत्र के चौरी रोड, रेवड़ापरसपुर, रामरायपुर, कंसरायपुर में इसका असर अधिक देखने को मिल रहा है। रामरायपुर के जितेंद्र राय ने बताया कि उनके घर के 8 लोग डेंगू से पीड़ित हैं। उनका निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। चौरी रोड के पूर्व सभासद अफसर अली, विशंभर प्रसाद गुप्ता, गुड्डू अंसारी ने बताया कि उनके आसपास पड़ोस में बड़ी संख्या में मरीजों की भीड़ दिख रही है। विशंभर गुप्ता ने आरोप लगाया कि चौरी रोड के दोनों ओर नाले हैं, जो गहरी होने से नियमित साफ भी नहीं हो पाती, उसी से डेंगू का खबरा बढ़ा है। एमबीएस अस्पताल के अधीक्षक ने कहा कि कहीं पानी जमा न होने दें। यदि सार्वजनिक स्थान पर पानी जमा हो तो नगर पालिका को सूचित करें, ताकि सफाई कराई जा सके। मच्छर ऐसे स्थानों पर ही पनपते हैं। अगर कहीं डेंगू की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें।