सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने पेड़ काटने वाले मजदूर को हिरासत में ले लिया। छात्रों ने केएनपीजी के छात्रसंघ अध्यक्ष पर पेड़ कटवाने का आरोप लगाया।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास बनाया गया है। शनिवार को आर्यभट्ट छात्रावास में कुछ शीशम का पेड़ अचानक कटने लगा।
उसी दौरान छात्रनेता किशन शुक्ला के नेतृत्व में दर्जन भर छात्रों ने पहुंचकर पेड़ काटने से रोक दिया। जो पेड़ कट गए थे उसे उठाकर हास्टल चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ अध्यक्ष के इशारे पर पेड़ को काटा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया और पेड़ काटने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। जाम लगाने वालों में किशन शुक्ला, अजय यादव, रोहित सिंह, अंकित शुक्ला, विजय गुप्ता समेत कई छात्र रहे।
केएनपीजी के छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शुक्ला ने कहा कि छात्रावास परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। मंदिर के ऊपर से गुजर रहे पेड़ों को काटा जा रहा था।
केएनपीजी में मठाधीशी करने वाले कुछ लोगों को छात्रसंघ चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मेरी उपस्थिति खल रही है जिससे विरोध करा रहे हैं।