ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को एमएससी प्रथम सेमेस्टर के तीन विषयों में प्रवेश की कटऑफ लिस्ट जारी हो गई। महाविद्यालय ने रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और जंतु विज्ञान की कटऑफ लिस्ट जारी की है। अन्य विषयों में सीधे ऑनलाइन फीस जमा कर प्रवेश लिया जाएगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रमेशचंद्र यादव ने बताया कि इन तीनों विषयों में कटआफ मेरिट वाले प्रवेशार्थियों को महाविद्यालय में उपस्थित होकर काउंसिलिंग करानी होगी। विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 22 और 23 सितंबर को होगी। बताया कि एमएससी रसायन विज्ञान में सामान्य वर्ग में 74 से 68.4 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश होगा। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग में 68 से 62.3 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों का प्रवेश लिया जाएगा। इसी तरह एमएससी वनस्पति विज्ञान में सामान्य वर्ग के 76.5 से 65.89 फीसदी अंक प्राप्त करने और अन्य पिछड़ा वर्ग में 65.8 से 63.7 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश होगा।
इस विषय में भी एससीएसटी के सभी विद्यार्थियों का प्रवेश होगा। वहीं एमएससी जंतु विज्ञान में सामान्य वर्ग में 82.29 से 70.3 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले और अन्य पिछड़ा वर्ग में 96.32 से 67.4 फीसदी और एससीएसटी के 68.3 से 61.2 फीसदी अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश होगा। प्राचार्य ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद ही प्रवेशार्थी को फीस जमा करनी होगी। इन तीन विषयों के अतिरिक्त अन्य सभी विषयों के प्रवेशार्थी सीधे महाविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फीस जमाकर काउंसिलिंग लेटर व अन्य प्रमाण पत्रों के साथ संबंधित विभाग में उपस्थित होकर अपना प्रवेश लिया जाएगा।