ज्ञानपुर-असनाव मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे ओवरलोड ट्रक के कारण संजय वन के पास चार दशक पुरानी सिंचाई विभाग की पुलिया धंस गई। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन थम गया। करीब 50 से अधिक गांव का संपर्क टूट गया। लोक निर्माण विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार बजे वाहनों का आवागमन शुरू कराया, हालांकि भारी वाहनों पर रोक लगा दिया गया। ओवरलोड ट्रक का परिवहन विभाग ने चालान कर दिया।
भदोही-मिर्जापुर मार्ग के बभनौटी से असनांव होकर ज्ञानपुर के हास्टल चौराहा तक टू लेन मार्ग बना है। जिससे औराई, भदोही और ज्ञानपुर के 50 से अधिक गांव के लोगों को औराई जाने में सहूलियत मिलती। बृहस्पतिवार की सुबह संजय वन के समीप बालू लदे ट्रक का गुल्लक टूटने से नाले पर बनी एक पुलिया का स्लैब अचानक धंस गया। जिससे उक्त मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। साइकिल और बाइक सवार आसपास से किसी तरह गुजरते रहे। खबर मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक एई और जेई की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर गिट्टी आदि डालकर मार्ग पर आवागमन शुरू कराया गया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। एआरटीओ राम सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बालू लदे ट्रक की जांच किया तो 12 टन अधिक बालू मिली। जिस पर उक्त ट्रक का चालान कर दिया गया। अधिशासी अभियंता जैनू राम ने बताया कि सिंचाई विभाग की चार दशक पुरानी पुलिया का स्लैब ओवरलोड के कारण धंस गया। करीब छह घंटे मेहनत के बाद उसे चालू कराया गया। फिलहाल भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
टोल से बचने के लिए निकलते हैं भारी वाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालानगर टोल प्लाजा पर टोल से बचने के लिए ट्रक चालक इन दिनों असनांव मार्ग से ही गुजर रहे हैं। पूर्व में ज्ञानपुर- गोपीगंज मार्ग पर सिंहपुर नहर से ट्रक गुजरते थे, लेकिन वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगने से ट्रक चालकों ने अपना रास्ता बदल लिया। जिसके कारण असंनाव मार्ग की पुलिया धंस गई।
नई पुलिया के निर्माण की ग्रामीणों ने उठाई मांग
बभनोटी- ज्ञानपुर मार्ग पर करीब पांच हजार वाहनों का आवागमन होता है। उक्त मार्ग से मुख्यालय, प्रयागराज,, वाराणसी और मिर्जापुर तक लोग आते-जाते हैं। क्षेत्र के कन्हैयालाल मिश्र, प्रभात श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार, पन्नालाल मिश्रा, रामजी जायसवाल, शिव गोविंद तिवारी, संजय कुमार, प्रधान हरिशंकर जायसवाल ने नई पुलिया के निर्माण की मांग किया।