ज्ञानपुर/सीतामढ़ी। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को जिले भर में प्रथम पूज्य विघ्न विनाशक श्री गणेश जी भगवान की पूजा अर्चना की गई। विधि विधान पूर्वक पूजन के बाद भक्तों ने श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। जिले भर में गणेश पूजनोत्सव धार्मिक कार्यक्रमों के बीच धूम-धाम से शुरू हुआ। जगह -जगह स्थापित पंडालों में सुबह-शाम भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
सप्ताह भर चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों के तहत श्री गणेश पूजनोत्सव के लिए भव्य पंडालों में गणपति बप्पा की आकर्षक और भव्य प्रतिमाएं वैदिक विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चार, घंटा, घड़ियाल, शंख ध्वनि के बीच स्थापित की गई। इस दौरान गजानन महाराज के जयकारे से जनपद का कोना कोना गुंजायमान हो गया। जनपद के धार्मिक स्थली सीतामढ़ी, भदोही, ज्ञानपुर, गोपीगंज, जंगीगंज, कोइरौना, औराई, घोसिया, चौरी, सुरियावां, मोढ़, ऊंज, वहिदानगर आदि क्षेत्रों में गणेश पूजनोत्सव का भब्य आयोजन शुरू हुआ। जगह जगह आकर्षण पंडालों में गणेश जी भगवान की बिभिन्न मुद्राओं की मनमोहक मूर्तियों की स्थापना की गई है। पूजनोत्सव के प्रथम दिन गणेश प्रतिमाओं की स्थापना विधिविधान पूर्वक की गई, उसके बाद भब्य आरती और प्रसाद वितरण किया गया। सायंकालीन बेला में आरती, भजन,प्रभु संकीर्तन के बीच गणपति महराज के जयकारे लगते रहे। जिससे वातावरण भक्ति रस में गुंजायमान होता रहा। दर्शन पूजन के लिए पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। धार्मिक स्थली सीतामढ़ी में सीता समाहित स्थल परिसर में श्री गणेश जी की भब्य प्रतिमा स्थापित की गई है सोमवार को गणेश पूजनोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हुआ। आयोजक मंडल के बबलू पांडेय और त्रिलोकी नाथ ने बताया कि पूजनोत्सव सप्ताह भर चलेगा। कुछ स्थानों पर पहले दिन तो कुछ जगह, तीसरे, पाचवें दिन प्रमिताएं स्थापित होंगी। इस मौके पर पंडित शिवाकांत पांडेय शास्त्री, मुख्य यजमान विंध्यवासिनी मिश्रा, श्री राम पांडेय, श्रवण दूबे,पप्पू सिंह, राजबहादुर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।