माघ माह का प्रमुख शाही स्नान पर्व मौनी अमावस्या 29 जनवरी को है। इसके पहले ही रेलवे स्टेशन, बस स्टॉपों पर भीड़ बढ़ने लगी है। श्रद्धालु अभी से महाकुंभ में पहुंचकर अपना स्थान सुनिश्चित करना चाह रहे हैं। शुक्रवार को ज्ञानपुर रेलवे रोड स्टेशन पर प्रयागराज जाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
श्रद्धालु समुह में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर पहुंच रहे हैं। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में डुबकी लगाने का विशेष महात्म्य है। कुंभ में कल्पवास के लिए न पहुंचने वाले लोग बड़ी संख्या में प्रयागराज पहुंच कर स्नान ध्यान करके पूजा पाठ करते हैं। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के लोग बड़ी संख्या में संगम में डुबकी लगाने और प्रयागराज जाने के लिए गोपीगंज पहुंच रहे है।
इस शाही स्नान के लिए शासन प्रशासन स्तर से भी विशेष तैयारी की गई है। बस और ट्रेनों के साथ मेला स्पेशल ट्रेनें और बसें चलाई गई हैं। स्टेशन व बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं का समूह नजर आने लगी है। वहीं प्रयागराज की ओर जाने वाले बसों में यात्री खचाखच भरे पड़े हैं। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के जवान मुस्तैद हैं।