प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के वितरण की अंतिम दिन मंगलवार होने से कोटे की दुकानों पर सुबह से गहमागहमी रही। खाद्य एवं रसद आयुक्त सौरभ बाबू ने चौथी बार वितरण की तिथि बढ़ाने से कार्डधारकों की चिंता कुछ कम हुई।
अंतिम तिथि पर तहसील औराई, भदोही और ज्ञानपुर के 730 कोटे की दुकानों पर लाइन लगाने वालों ने बताया कि एक सरकार गरीबों को नि:शुल्क राशन, खाद्य सामान देने की तिथि तय की जाती है दूसरी ओर तिथि पर वितरण नहीं कराया जाता। अप्रैल के दूसरे चरण में लगभग सवा तीन लाख कार्डधारक को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम गेहूं-चावल, प्रति कार्ड एक-एक किलोग्राम नमक, चना, रिफाइन तेल का लाभ मई में देने की प्रथम तिथि दो से 12, दितीय तिथि 12 से 22, तृतीय तिथि 22 से 24 मई घोषित की गई थी। कोटेदार प्रथम तिथि पर गेहूं-चावल का उठान ब्लाक गोदामों पे 40 फीसदी कर खाद्य सामान आने की राह तकने में वितरण नहीं कर सके। खाद्य सामानों की पूर्ति नेफेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर जब मामला शासन तक पहुंचाया गया तब तृतीय तिथि में 80 फीसदी खाद्य सामानों की पूर्ति कराया जा सका है। अभी तक गेहूं-चावल न कोटेदारों के पास 60 फीसदी पहुंच सका है न 20 फीसदी खाद्य सामान चौथी तिथि समाप्त होने की स्थिति में पंक्ति के अंतिम लाभार्थी को लाभ मिल पाना मुश्किल ही नजर आ रहा है। जबकि मई के दो चरणों का वितरण पूरा बाकी है। डीएसओ सीमा सिंह ने कहा कि सामानों की पूर्ति नेफेड की ओर से होते हैं। जब विभाग के पास सामान उपलब्ध होंगे तभी वितरण लक्ष्य को पूरा कर सकता है। चौथी बार में 24 से 27 मई तक बढ़ी तिथि में सभी कार्डधारक लाभान्वित हो जाएंगे। मई के वितरण की गाइड लाइन मिलते ही तिथि घोषित कर दी जाएगी।
तहसील अधिकारियों ने किया कोटे की दुकानों का निरीक्षण
अप्रैल के दूसरे चरण वाले वितरण में बार-बार बढ़ रही तिथियों, खाद्य सामानों की अनुपलब्धता के मामले में डीएम ने नाराजगी जताई है। पंक्ति में शामिल लाभार्थियों को वितरण का शतप्रतिशत लाभ दिलाने के लिए तहसील स्तरीय टीमों का गठन भी कर दिया है। टीम में शामिल एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ अपने तहसील के पांच गांवों की जांच रिपोर्ट अब प्रतिदिन सौंपेंगे। तहसीलदार सदर विजय यादव ने बताया कि बीडीओ डीघ के साथ पांच दुकानों की जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौंप दिया है।