गोपीगंज थानाक्षेत्र के जंगीगंज बाजार में शनिवार की रात महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे बाजार में सनसनी फैल गई। हादसे से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस पति का इंतजार कर रही है। पति मध्य प्रदेश में नौकरी करता है।
जंगीगंज नगर के कोयला व्यापारी प्रेमचंद्र अग्रहरि का बेटा सर्वेश अग्रहरि मध्य प्रदेश में क्रेशर चलाने का काम करता है। हर रोज की तरह परिवार के सभी लोग शनिवार की रात खा-पीकर सो गए। व्यापारी की बड़ी बहू निशा देवी (42) पत्नी सर्वेश ने कमरे में छत पर लगे छल्ले में रस्सी डालकर फांसी लगा ली। रविवार को सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोग परेशान हो गए। कमरे के पास जाकर खिड़की से देखा तो निशा का शरीर फंदे से लटका हुआ था। परिवार वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारा, हालांकि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस पति का इंतजार कर रही है। निशा देवी के तीन लड़कों में ज्ञान प्रकाश,जय और किशन पढ़ाई कर रहे हैं। एक बेटी अभी दो साल की है। परिवार वालों का कहना है कि निशा की तबियत पिछले कुछ सालों से खराब चल रही है, जिसको लेकर वह काफी परेशान थी। उधर चर्चा है कि प्रेमचंद्र अग्रहरि का परिवार संयुक्त है। परिवार में किसी बात को लेकर अक्सर अनबन हो रही थी। जिसके चलते उसने ऐसा कदम उठाया। क्षेत्राधिकारी श्यामशंकर पांडेय ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीएम के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।