जबर्दस्ती बैनामा कराने में नाकाम दबंगो ने शौच करने गए युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला कर दिया। देर तक न पहुंचने पर खोजते हुए पहुंचे परिवार वालों को युवक लहुलुहान हाल में कमरे में बंद मिला। तो दरवाजा तोड़कर बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के अमवां निवासी मुनीर अहमद (42) प्रतिदिन रविवार की भोर में चार बजे शौच करने निकला था, पचपटिया गांव स्थित अपने खेत में शौच करते समय दबंगों ने उठा लिया, उसे एक मकान में ले जाकर जमकर पिटाई की। इसके बाद उसी कमरे में बंद करके चले गए।
देर तक न आने पर परिवार वाले खोजते पहुंचे, तब तक एक बच्चे ने मुनीर को पिटाईकर बंद करने की जानकारी दी। कमरे के पास पहुंच कर देखा तो मुनीर कराहते मिले। लोगों ने उन्हें दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। मामला दो समुदाय का होने से पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस ने परिवार वालों से बात करके और मुनीर का बयान लेकर मामले में पांच आरोपियों को फौरन गिरफ्तार कर लिया।
उधर, मुनीर की हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुनीर की मां शैतुला बेगम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शोभनाथ, ओेंकारनाथ, विजयनाथ, फिरेेश और सुरेश के खिलाफ धारा 148, 342, 307, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही थी। मुनीर पर हुए हमले को लेकर आसपास के लोगोे में गुस्सा है।